वाराणसी , दिसंबर 16 -- भगवान बुद्ध की उपदेश स्थली सारनाथ में ऋषिपत्तन मार्ग पर आधुनिक क्लीन स्ट्रीट फूड हब एवं ग्रीन बेल्ट का निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है।

स्मार्ट सिटी के मुख्य महाप्रबंधक अमरेंद्र तिवारी ने मंगलवार को बताया कि ऋषिपत्तन मार्ग (सुहेलदेव चौराहे के पास) पर लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से 108 मीटर लंबे क्लीन स्ट्रीट फूड हब एवं ग्रीन बेल्ट का निर्माण किया जा रहा है। इसके अंतर्गत कुल 24 अत्याधुनिक दुकानों का निर्माण प्रस्तावित है। इस परियोजना से लगभग 100 लोगों को रोजगार मिलने का अनुमान है।

उन्होंने बताया कि पूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार कर दुकानों को सौंपा जाएगा, जिससे स्थानीय विक्रेता बिना किसी असुविधा के अपना व्यवसाय संचालित कर सकें। इसके अतिरिक्त दुकानों के आसपास बैठने की समुचित व्यवस्था भी विकसित की जा रही है, ताकि सैलानी शांतिपूर्ण वातावरण में बैठकर स्थानीय व्यंजनों का आनंद ले सकें। यह पहल न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगी, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगी।

करीब 108 मीटर लंबी इस सड़क पर विकसित होने वाला यह स्ट्रीट फूड हब न केवल पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा, बल्कि स्थानीय नागरिकों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगा। इस क्षेत्र का वास्तुशिल्प बौद्ध पैगोडा शैली के अनुरूप तैयार किया जा रहा है, जिससे इसका सौंदर्य सारनाथ की ऐतिहासिक एवं धार्मिक पहचान के अनुरूप रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित