वाराणसी , अप्रैल 7 -- वाराणसी नगर निगम आगामी बरसात के मौसम में शहर को जलभराव की समस्या से मुक्त रखने की तैयारी में जुटा हुआ है।
इस क्रम में मंगलवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी व नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने वार्ड संख्या 59 (रमरेपुर), वार्ड संख्या 56 (लालपुर मीरापुर बसही) और वार्ड संख्या 41 (अकथा) का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान नालों की बदहाल स्थिति और अतिक्रमण देख महापौर ने ड्रोन सर्वे के माध्यम से सीमांकन कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण की शुरुआत रमरेपुर वार्ड के काली मंदिर से भक्ति नगर रोड स्थित नाले से हुई। यह नाला शांतिपुरम कॉलोनी होते हुए वरुणा नदी में गिरता है। इसके बाद महापौर व नगर आयुक्त अकथा वार्ड स्थित नरोखर नाला पहुंचे। अशोक इंस्टीट्यूट के पास स्थित इस नाले की स्थिति अत्यंत दयनीय पाई गई। नाला गंदगी से पटा हुआ था और इसके किनारों पर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण मिला।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित