(विद्याशंकर राय से)लखनऊ , फरवरी 13 -- उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने आरोप लगाया है कि योगी सरकार विकास के नाम पर वाराणसी की पुरातन संस्कृति को नष्ट कर रही है और धर्माचार्यों का अपमान कर रही है।
श्री राय ने 'यूनीवार्ता' से विशेष बातचीत में कहा कि धार्मिक नगरी वाराणसी में दालमंडी, मणिकर्णिका घाट समेत कई प्राचीन और ऐतिहासिक महत्व की जगहों पर बुलडोजर चलवा कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महापाप कर रहे हैं, उन्हें आने वाले समय में इसका हिसाब देना पड़ेगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, " भाजपा सरकार बनारस में विकास के नाम पर विनाश का तांडव कर रही है। इस प्राचीन शहर का जो अपना बनारसीपन था, जो रस था, वह सब कुछ खत्म किया जा रहा है। पहले बाबा विश्वनाथ के दरबार के आस-पास कॉरीडोर बनाने के नाम पर भारी तोड़-फोड़ की गयी, जिससे वहां की कई प्राचीन धार्मिक मान्यताएं तहस-नहस हो चुकी हैं।"उन्होंने कहा कि तीर्थराज प्रयाग में, मुगल बादशाह अकबर तक ने संगम पर किला बनवाते हुए वटवृक्ष को बचा कर रखा, लेकिन भाजपा अपने गुमान में किसी बात की परवाह नहीं कर रही है। बनारस में लहरतारा, पांडेयपुर जैसी तमाम जगहों पर तोड़फोड़ की गयी। सरकार ने जगत प्रसिद्ध मणिकर्णिका घाट तक को भी नहीं छोड़ा जहां 3000 साल से भी अधिक समय से चिताओं की अग्नि नहीं बुझी है।
श्री राय ने कहा, " मणिकर्णिका घाट पर विवाद बढ़ा तो मुख्यमंत्री योगी ने बयान दिया कि वहां का एआई (नकली) वीडियो बनाकर सरकार को बदनाम किया जा रहा है। लेकिन मैंने तो तब भी कहा और अभी कहता हूं कि (अहिल्याबाई होल्कर की) प्रतिमा नहीं तुड़वायी गयी है, तो उसे सार्वजनिक रूप से प्रस्तुत किया जाए, हम अपनी बात पर माफी मांग लेंगे। "उन्होंने कहा, " ये लोग अब नकली प्रतिमा तैयार कराने में लगे हुए हैं।"श्री राय ने कहा, " दालमंडी इलाके में बुलडोजर का तांडव मचा हुआ है। सस्ते सामानों के लिए जानी जाने वाली इस वर्षों पुरानी मंडी (मार्केट) में 40 फीसदी से अधिक हिन्दू और लगभग 50 से 55 फीसदी मुस्लिम हैं। वे गंगा-जमुनी तहजीब के बीच अपना जीवन यापन कर रहे हैं। बनारस के आसपास तमाम जिलों के लोग इस मंडी में आते हैं, लेकिन योगी सरकार को किसी की चिंता नहीं है। विकास के नाम पर लोगों की जगह जबर्दस्ती अधिग्रहीत की जा रही है। अच्छे खासे मकान तोड़े जा रहे हैं। जो लोग अपने मकान-दुकान बेचने को तैयार नहीं हैं उनके साथ जबरदस्ती हो रही है।"शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के साथ छिड़े विवाद पर श्री राय ने कहा, " सरेआम बटुकों की चुटिया खींचकर मारा जा रहा है और सरकार आरोप लगा रही है कि वह कांग्रेस के इशारे पर काम कर रहे हैं। सनातन हितैषी होने का दावा करने वाली यह सरकार एक शंकराचार्य से उसका प्रमाण मांग रही है।"उन्होंने सवाल किया कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को इस सरकार ने महाकुंभ में किस हैसियत से विशेष स्थान आवंटित किया था। अगर वह ऐसा नहीं करती है, तो यही माना जाएगा कि वह इस समय शंकराचार्य के साथ जो करवा रही है वह सनातन का अपमान है।"कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार ने अमेरिका-भारत के बीच व्यापार सौदे में देश के किसानों के हित को सस्ते में दाव पर लगा दिया है। भारती माल पर अमेरिका में 18 प्रतिशत की दर से शुल्क लगोगा पर अमेरिका से आने वाले माल को यहां शून्य प्रतिशत कर पर प्रवेश दिया जाएगा। इससे भारत का किसान तबाह हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि एपस्टिन फाइल में प्रधानमंत्री का नाम सामने आने पर देश का आम नागरिक बेहद दुखी है। खासकर काशीवासी मर्माहत हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित