वाराणसी , अप्रैल 6 -- बरसात के दौरान वाराणसी शहर को जलभराव की समस्या से निजात दिलाने और जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए सोमवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने संयुक्त रूप से विभिन्न वार्डों का सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वार्ड संख्या 19 कंदवा, वार्ड 39 सुसुवाही और वार्ड 33 करौंदी में चल रहे नाला सफाई कार्यों की जमीनी हकीकत जानी। महापौर ने मानसून से पहले सभी छोटे-बड़े नालों की तली झाड़-सफाई सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया, ताकि जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।
महापौर के नेतृत्व में निरीक्षण चितईपुर से शुरू हुआ, जहां मुख्य मार्ग पर स्थित बड़े नाले के साथ ही गांव के भीतर से गुजरने वाली ड्रेनेज लाइन का निरीक्षण किया गया। इसके बाद निगम की टीम कंचनपुर पोखरी पहुंची और वहां पूर्व में किए गए वृक्षारोपण की स्थिति का जायजा लिया।
विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए महापौर ने मीरानगर एक्सटेंशन में नाले, शिव नगर कॉलोनी में तैयार हो रहे मियावाकी पद्धति के जंगल तथा निर्माणाधीन पार्क का भी अवलोकन किया। अधिकारियों ने निर्माण कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित