नैनीताल , फरवरी 10 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के सचिव और कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने काशीपुर में भू कानून का उल्लंघन कर फर्जी तरीके से भूमि क्रय कर स्थाई निवास प्रमाण पत्र बनवाने के मामले में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
श्री रावत ने मंगलवार को हल्द्वानी में जन सुनवाई की। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न प्रकार की शिकायतें प्राप्त हुईं। अधिकांश का मौके पर समाधान किया गया।
इस दौरान जानकारी में आया कि काशीपुर में पुरानी फर्म के आधार पर विभिन्न कंपनियों को पंजीकृत कर फर्जी तरीके से भूमि क्रय की गई है और इन दस्तावेजों के आधार पर स्थाई निवास प्रमाण पत्र बनवाये जा रहे हैं।
आयुक्त ने उप जिलाधिकारी को इस मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने उपजिलाधिकारी को जल्द ही जांच आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यह कृत्य कतई स्वीकार योग्य नहीं है और जो भी इसमें संलिप्त होगा। उसके विरूद्व कठोर कार्यवाही की जायेगी।
उन्होंने हल्द्वानी बस अड्डा के बाहर मुख्य मार्ग पर निजी एवं रोडवेज बसों द्वारा यात्रियों को बिठाये जाने और कालू सिद्ध मन्दिर के आसपास ठेला एवं रेहड़ी के चलते जाम की स्थिति में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
आयुक्त ने रामनगर के मालधन चौड़ में लोक निर्माण विभाग द्वारा गुणवत्ता विहीन टाइल्स लगाये जाने के सन्दर्भ में प्राप्त शिकायत पर अधिशासी अभियंता को जांच कर कार्रवाई करने को कहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित