देहरादून , जनवरी 15 -- उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जिला के थाना आईटीआई क्षेत्र में पिछले दिनों काशीपुर किसान सुखवन्त सिंह आत्महत्या प्रकरण की जांच के लिए महानिदेशक पुलिस (डीजीपी) दीपम सेठ के निर्देश पर अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) कानून व्यवस्था डाॅ. वी मुरूगेशन ने महानिरीक्षक (आइजी) एसटीएफ नीलेश आनन्द भरणे की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय विशेष अन्वेषण दल (एसआईटी) गठित की है।

इसके अलावा, संबंधित प्रभारी सहित सभी 12 पुलिस कर्मियों को गढ़वाल परिक्षेत्र के रूद्रप्रयाग और चमोली तबादला किया गया है। इन कर्मियों को पहले ही निलम्बित किया जा चुका है।

पुलिस मुख्यालय के प्रवक्ता भारीतय पुलिस सेवा (आईपीएस) सुनील कुमार मीणा ने गुरुवार को बताया कि गठित एसआईटी थाना आईटीआई अंतर्गत ग्राम पेंगा निवासी किसान सुखवन्त सिंह द्वारा 10 जनवरी की देर रात काठगोदाम, हल्द्वानी में आत्महत्या किये जाने के प्रकरण में पुलिस मुख्यालय द्वारा उक्त प्रकरण से सम्बन्धित अभियोगों की गहन विवेचना के लिए पांच सदस्यीय एसआईटी का गठन किया गया है। इसमें श्री भरणे के अलावा, सदस्य के रूप में पुलिस अधीक्षक, चम्पावत अजय गणपति, क्षेत्राधिकारी टनकपुर वन्दना वर्मा, निरीक्षक दिवान सिंह बिष्ट, एवं उपनिरीक्षक मनीष खत्री को सम्मिलित किया गया है। उन्होंने बताया कि निष्पक्ष एवं पारदर्शी विवेचना के दृष्टिगत निलम्बित तीन उपनिरीक्षक, एक अपर उपनिरीक्षक, एक मुख्य आरक्षी, सात आरक्षी सहित कुल 12 पुलिस कर्मियों को तत्काल प्रभाव से गढ़वाल रेंज में चमोली एवं रुद्रप्रयाग जिला स्थानान्तरित कर दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित