बड़वानी , फरवरी 7 -- मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले की कोतवाली पुलिस ने काले जादू के जरिए धन वर्षा कराने का झांसा देकर एक युवक से करीब चार लाख रुपये की ठगी करने के मामले में एक कथित बाबा को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर धोखाधड़ी के साथ धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप हैं।
कोतवाली थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन ने बताया कि फरियादी रवि बामनिया की शिकायत पर आसिफ शेख, निवासी भैलसा मोहल्ला बड़वानी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार फरियादी की आरोपी से 15 जून 2025 को पहचान हुई थी, जिसके बाद दोनों साथ रहने लगे। इस दौरान आरोपी ने दिल्ली के एक कथित हजरत का हवाला देते हुए काले जादू से घर में धन निकलने और समस्याओं के समाधान का दावा किया। आरोपी के झांसे में आकर फरियादी ने 21 अक्टूबर 2025 से 15 जनवरी 2026 के बीच अलग-अलग समय पर कुल लगभग चार लाख रुपये उसे दिए। इनमें 2 लाख 82 हजार रुपये नकद और 1 लाख 18 हजार रुपये ऑनलाइन माध्यम से दिए गए थे।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने फरियादी को कुछ वस्तुएं कपड़े में बांधकर घर में रखने, बाद में उन्हें नर्मदा नदी में प्रवाहित करने तथा दिल्ली से लाए गए कागजातों को नदी किनारे जलाने के निर्देश दिए थे। बाद में आरोपी ने फरियादी पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाना शुरू कर दिया और इनकार करने पर उसकी मां को जान से मारने की धमकी दी। रुपये वापस मांगने पर आरोपी टालमटोल करने लगा और धमकियां देने लगा।
इसके बाद फरियादी ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी, अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम तथा मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया है। घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित