कोलकाता , मई 03 -- कालीघाट पुलिस स्टेशन के थाना प्रभारी (ओसी) को रविवार को एक बार फिर बदल दिया गया। बांगड़ डिवीजन के पोलेरहाट पुलिस स्टेशन के अतिरिक्त थाना प्रभारी बलई बाग को कालीघाट पुलिस स्टेशन का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।
शनिवार को कोलकाता पुलिस ने कालीघाट पुलिस स्टेशन के तत्कालीन ओसी गौतम दास को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर राइफल के साथ अपनी फोटो पोस्ट करने के आरोप में निलंबित कर दिया था। उस तस्वीर के साथ कैप्शन लिखा था, "नयी जिम्मेदारी के लिए तैयार..."। उनकी जगह सुश्री चैताली मुखर्जी को कालीघाट ओसी बनाया गया था। अब श्री बलई बाग की नियुक्ति सुश्री चैताली मुखर्जी के स्थान पर की गयी है।
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का आवास कालीघाट पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में ही आता है। श्री गौतम दास को 25 अप्रैल को कालीघाट पुलिस स्टेशन के ओसी के रूप में तैनात किया गया था। इससे पहले चुनाव आयोग ने कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में तत्कालीन ओसी उत्पल घोष को निलंबित करने की सिफारिश की थी।
चुनाव आयोग ने आरोप लगाया था कि 29 मार्च को कार्यभार संभालने वाले उत्पल घोष उस समय कानून-व्यवस्था बनाये रखने में विफल रहे, जब भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में अलीपुर में अपना नामांकन पत्र दाखिल करने गये थे।
उस घटना के बाद कालीघाट के ओसी के अलावा अलीपुर पुलिस स्टेशन के ओसी और उसी थाने के अतिरिक्त ओसी का भी नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया के दौरान ड्यूटी में चूक के आरोप में तबादला कर दिया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित