नैनीताल , फरवरी 20 -- उत्तराखंड के कालाढूंगी में लडाई झगड़ा और फायरिंग के तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से दो पिस्तौल, एक तमंचा और कुछ कारतूस भी बरामद हुए हैं।

नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डा0 मंजूनाथ टीसी ने शुक्रवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि की 14 फरवरी को कालाढूंगी के बैल पड़ाव में बैलपोखरा जाने वाले तिराहे के पास दो पक्षों में झगड़ा तथा फायरिंग की घटना प्रकाश में आई थी।

प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक कालाढूंगी व पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुँचे किन्तु घटनास्थल के आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं मिला। पुलिस ने बारीकी से निरीक्षण किया तो मौके से कुछ खोखे बरामद हुए। दो दिन बाद 16 फरवरी को कालाढूंगी के ग्राम बच्ची नगर, निवासी बलजीत कौर पत्नी लवप्रीत सिंह की ओर से रंजीत सिंह निवासी बैलपोखरा, मनदीप सिंह उर्फ मंगा निवासी उदयपुरी, गुरप्रीत सिंह उर्फ गोप्पी निवासी बढपुरा, थाना स्वार, जनपद रामपुर के साथ ही एक अज्ञात के विरुद्ध तहरीर दी गई।

कोतवाली कालाढूंगी में भारतीय न्याय संहिता बीएनएस की विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। साथ ही जांच वरिष्ठ उप निरीक्षक पंकज जोशी को सौंपी गई।

जांच में आये तथ्यों के आधार पर प्रभारी निरीक्षक कालाढूंगी अरुण कुमार सैनी की अगुवाई में पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों को आज गडप्पू बैरियर के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से दो पिस्तौल, एक तमंचा और कुछ कारतूस बरामद हुए हैं।

पूछताछ में पता चला कि वादिनी के पति लवप्रीत के मित्र हरभजन की रंजीत सिंह से पुरानी रंजिश थी। घटना की रात हरभजन ने आरोपी को घटनास्थल पर बुलाया। आरोपी अपने साथियों के साथ वहाँ पहुँचा और गाली-गलौज व मारपीट की। इसी दौरान आरोपियों द्वारा फायरिंग भी की गई। आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की धाराएं में भी आरोपित की गई हैं। आरोपियों के खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट जारी हुए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित