जालौन , अप्रैल 5 -- उत्तर प्रदेश में जालौन जिले के कालपी थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम सड़क किनारे एक युवक और एक महिला के शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से एक मोटरसाइकिल और जहरीला पदार्थ बरामद किया है, जिससे प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।

पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने बताया कि काशीरामपुर-इटौरा रोड पर लोहारगांव के पास मिले शवों की पहचान प्रमोद (35) निवासी लोहारगांव और पूनम (36) पत्नी हरिशंकर, निवासी ग्राम बबीना थाना कदौरा के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि दोनों परिवार हरियाणा के गुरुग्राम (मानेसर) में रहते थे और इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। पूनम के लापता होने पर उसके पति ने 27 मार्च को मानेसर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

उन्होने बताया कि घटनास्थल से पुलिस को सल्फास की दो खाली डिब्बियां, कई पाउच और पानी की बोतल मिली है। फील्ड यूनिट ने साक्ष्य जुटा लिए हैं और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित