चित्तौड़गढ़ , जनवरी 16 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले के भादसोड़ा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार ट्रोले की आमने सामने टक्कर में कार में सवार दो महिलाओं सहित एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई और एक बच्चा घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि क्षेत्र के ग्राम नरबदिया स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात करीब दो बजे उदयपुर की ओर से आ रही कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर को पार करती हुई दूसरी दिशा से आ रहे ट्रोले से जा टकराई।
पुलिस ने बताया कि इस टक्कर से कार में सवार चित्तौड़गढ़ के मधुवन क्षेत्र निवासी रिंकेश नानवानी, उनकी पत्नी सुहानी, हीरानंद लालवानी और उनकी पत्नी रजनी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि रिंकेश का छह वर्षीय पुत्र वैभव घायल हो गया जिसे उपचार के लिए चित्तौड़गढ़ अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
पुलिस ने बताया कि यह परिवार उदयपुर में आयोजित एक विवाह समारोह से चित्तौड़गढ़ लौट रहा था। ट्रोला चालक फरार हो गया है, पुलिस ने मामला दर्ज करके वाहन जब्त कर लिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित