सिवनी , अप्रैल 05 -- मध्यप्रदेश के सिवनी जिले के बरघाट नगर में बस स्टैंड क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक सराफा व्यापारी की कार से लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर और नकदी से भरे दो बैग चोरी कर लिए।
पुलिस के अनुसार व्यापारी दिलीप महाजन शनिवार रात दुकान बंद कर घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। उन्होंने अपनी कार में करीब 25 किलो चांदी, 30 तोला सोना और 2 से 3 लाख रुपये नकदी से भरे बैग रखे और दुकान में ताला लगाने लगे। इसी दौरान अज्ञात चोर ने मौका पाकर कार का दरवाजा खोलकर दोनों बैग पार कर दिए।
दुकान बंद कर लौटने पर जब व्यापारी ने कार का दरवाजा खुला देखा तो घटना का पता चला, जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में सफेद शर्ट पहने एक युवक कार से बैग निकालते हुए दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि कुछ दूरी तक पैदल जाने के बाद आरोपी अपने एक साथी की बाइक पर सवार होकर बालाघाट की ओर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बरघाट थाना प्रभारी के अनुसार बैग में रखे आभूषणों के सटीक वजन और कीमत के संबंध में व्यापारी से दस्तावेज मांगे गए हैं। फिलहाल पुलिस टीमें संयुक्त रूप से जांच में जुटी हैं और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित