भीलवाड़ा , अप्रैल 10 -- राजस्थान में भीलवाड़ा शहर के व्यस्ततम सांगानेरी गेट इलाके में शुक्रवार को रिंग रोड पर एक खड़ी कार में अचानक आग लग जाने से अफरा तफरी मच गयी।

प्रत्यक्षदर्शी राजकुमार प्रजापत के अनुसार सांगानेरी गेट रिंग रोड पर खड़ी इस कार में अचानक आग लग गई। यह क्षेत्र एक व्यावसायिक केंद्र के साथ-साथ आवासीय क्षेत्र है, इसलिए जैसे ही आग की ऊंची लपटें उठीं, आस-पास के दुकानदारों और व्यापारियों के साथ ही यहां के बाशिंदों में अपनी जान बचाने की होड़ मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की दो गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों और दमकल विभाग की मदद से आग पर काबू पाने की जद्दोजहद शुरू की गई। गनीमत रही कि इस भीषण अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई। आग से कार का आधा हिस्सा जल गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित