श्रीगंगानगर , अप्रैल 15 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के राजियासर थाना क्षेत्र में बुधवार को एक कार पलटने से एक महिला सहित पांच शिक्षक और दो बच्चे घायल हो गये।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि सूरतगढ़ के कुछ शिक्षक रोजाना की तरह सुबह करीब सात बजे एक कार से अपनी ड्यूटी के लिए रवाना हुए थे। ये शिक्षक बिरधवाल हेड से कुछ ही दूरी पर भाटांवाली गांव के राजकीय प्राथमिक स्कूल में नियुक्त हैं। स्कूल से कुछ ही पहले कार अचानक बेकाबू हो गई और सड़क किनारे फॉरेस्ट रेंजर कार्यालय के बाहरी दीवार से टकराते हुए पलट गई।

पुलिस ने बताया कि इससे एक महिला और चार पुरुष शिक्षकों के साथ ही दो बच्चे घायल हो गए। कार में फंसे इन लोगों को आसपास के लोगों ने बाहर निकाला और आपातकाल सेवा 108 की एंबुलेंस और अन्य वाहनों से सूरतगढ़ पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद इन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के मुताबिक सभी घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित