ऋषिकेश , फ़रवरी 24 -- उत्तराखंड के देहरादून जनपद को नशा मुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को कोतवाली ऋषिकेश पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस और एएनटीएफ/एसटीएफ टीम ने एक आरोपी को 05 किलो डोडा पोस्त और 02 किलो 180 ग्राम चरस (शुद्ध वजन) के साथ गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार दून इंस्टीट्यूट के पास रेलवे ट्रैक क्षेत्र में सघन चेकिंग के दौरान एक नीले रंग की इग्निस कार को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन की डिग्गी से एक सफेद प्लास्टिक कट्टे में 05 किलो डोडा पोस्त तथा एक पारदर्शी पन्नी में 02 किलो 180 ग्राम चरस बरामद हुई। मौके पर ड्रग डिटेक्शन किट से जांच में पदार्थ चरस पाया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान भागवत पुत्र नारायण (31 वर्ष), निवासी ग्राम न्यूसारी, थाना धौत्री, जनपद उत्तरकाशी के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह मादक पदार्थ टिहरी जनपद के एक व्यक्ति से खरीदकर ऋषिकेश और देहरादून क्षेत्र में अधिक दाम पर बेचने के उद्देश्य से ला रहा था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित