बेंगलुरु , अप्रैल 15 -- सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की अग्रणी कंपनी इंफोसिस ने सात बार के ग्रैंड स्लैम चैम्पियन कार्लोस अल्कराज को अपना नया वैश्विक ब्रांड एम्बेसडर नियुक्त किया है।

कंपनी ने बुधवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि दुनिया से सबसे युवा नबंर एक टेनिस खिलाड़ी रहे अल्कराज के साथ उसने बहुवर्षीय करार किया है।

इंफोसिस के वैश्विक मुख्य विपणन अधिकारी सुमित विरमानी ने कहा कि अल्कराज नयी पीढ़ी के मनोबल का प्रतिनिधित्व करते हैं। इंफोसिस में इसी शिद्दत के साथ नवाचार और विकास हो रहा है, इंसानी क्षमताओं के विस्तार के लिए प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल और क्लाइंट को अद्भुत परिणाम हासिल करने में सहयोग किया जा रहा है।

अल्कराज ने इंफोसिस से जुड़ने पर कहा कि वह गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। कंपनी द्वारा किये जा रहे नवाचार से खिलाड़ी, कोच और प्रशंसकों - सभी के लिए खेल का स्तर ऊपर उठ रहा है। उच्चतम स्तर पर छोटी-छोटी बातें बड़ा अंतर पैदा करती हैं।

उन्होंने कहा कि इंफोसिस के साथ जुड़ने से उन्हें अपने खेल के बारे में डाटा और एआई तक अधिक पहुंच हासिल करने का अवसर मिलेगा जिनकी मदद से वह अपने खेल को नयी ऊंचाइयों तक ले जा सकेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित