चित्तौड़गढ़ , मई 05 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले में शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर जिला कलेक्टर डॉ. मंजू ने कपासन के एक पटवारी को निलंबित कर दिया है।
आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि डा मंजू के 23 अप्रैल को उपखण्ड कार्यालय कपासन में किए गए निरीक्षण एवं ग्राम पंचायत निंबाहेड़ा में आयोजित रात्रि चौपाल के दौरान गोवर्धनपुरा निवासी परिवादी द्वारा लिखित परिवाद प्रस्तुत किया गया। परिवाद में पटवार हल्का करजाली के पटवारी के विरुद्ध विद्युत कनेक्शन स्थानांतरण से संबंधित कार्य में अनियमितता एवं कार्य में लापरवाही की शिकायत की गई। इसके अतिरिक्त कपासन उपखण्ड के निंबाहेड़ा में आयोजित रात्रि चौपाल के दौरान भी संबंधित परिवार द्वारा अपनी शिकायत रखी गई, जिस पर जिला प्रशासन ने गंभीरता से संज्ञान लिया।
सूत्रों ने बताया कि जिला कलक्टर के निर्देश पर उपखण्ड अधिकारी कपासन द्वारा मामले की जांच कराई गई। जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सत्य पाए जाने पर संबंधित पटवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया और उसके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के तहत आरोप पत्र भी जारी किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित