नयी दिल्ली , फरवरी 26 -- आयुर्वेद चिकित्सकों के काया चिकित्सा में नैदानिक ज्ञान को सुदृढ़ करने के लिये कर्नाटक स्थित राष्ट्रीय आयुर्वेद विद्यापीठ (आरएवी) ने श्री धर्मस्थल मंजुनाथेश्वर आयुर्वेद महाविद्यालय एवं अस्पताल में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम 23 से 24 फरवरी को आयोजित किया गया।

शैक्षणिक सत्रों को इस क्षेत्र के प्रख्यात विशेषज्ञों द्वारा संबोधित किया गया, जिनमें एसडीएम आयुर्वेद कॉलेज और अस्पताल, हसन के काया चिकित्सा विभाग के प्रमुख डॉ. तोताद मुत्तप्पा; जेएसएस आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज, मैसूरु की कायाचिकित्सा की प्रोफेसर डॉ. वीणा जी. राव, और मगनभाई अदेनवाला महागुजरात आयुर्वेद विश्वविद्यालय के कुलपति वैद्य एसएन गुप्ता शामिल थे।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य आयुर्वेद चिकित्सकों के कायाचिकित्सा क्षेत्र में नैदानिक ज्ञान को सुदृढ़ करना और उनकी शैक्षणिक एवं व्यावहारिक दक्षताओं को बढ़ाना था। प्रतिभागियों ने समकालीन नैदानिक अनुप्रयोगों और आयुर्वेदिक आंतरिक चिकित्सा में हुई प्रगति पर केंद्रित संवादमूलक चर्चाओं और विशेषज्ञ-नेतृत्व वाले सत्रों में भाग लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित