पटना , दिसंबर 26 -- अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), पटना ने कायाकल्प योजना 2024-25 के तहत देशभर के केंद्रीय सरकारी अस्पतालों या संस्थानों की श्रेणी में संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त कर एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय उपलब्धि हासिल की है।

कायाकल्प योजना भारत सरकार की एक प्रमुख पहल है। वर्ष 2024 के फरवरी महीने में कायाकल्प बाह्य मूल्यांकन कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसके तहत केंद्रीय सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों का मूल्यांकन अस्पताल की स्वच्छता, साफ-सफाई एवं हाइजीन, संक्रमण नियंत्रण एवं रोकथाम की व्यवस्थाएं, नर्सिंग सेवा, जैव-चिकित्सीय अपशिष्ट प्रबंधन, चौबीसों घंटे (24x7) सेवा उपलब्धता, संसाधनों की उपलब्धता तथा अस्पताल परिसर की प्रभावी सीमा-निर्धारण व्यवस्था जैसे प्रमुख मानकों पर किया गया।

इस योजना का मकसद स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और सतत गुणवत्ता सुधार के माध्यम से सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थानों में उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करना है।एम्स पटना का यह सराहनीय प्रदर्शन अस्पताल स्वच्छता, रोगी सेवा एवं सुरक्षा तथा पर्यावरणीय साफ-सफाई के उच्च मानकों को बनाए रखने की इसकी निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जो राष्ट्रीय स्वास्थ्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप है।

संस्थान की यह उपलब्धि एम्स के कार्यकारी निदेशक प्रो. (ब्रिगे.) डॉ. राजू अग्रवाल तथा चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनूप कुमार के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संभव हो सकी है।

इस अवसर पर एम्स के कार्यकारी निदेशक एवं चिकित्सा अधीक्षक ने एम्स पटना परिवार के सभी सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि इस सफलता में उप चिकित्सा अधीक्षकों, संकाय सदस्यों, अधिकारियों, नर्सिंग स्टाफ, इंजीनियरिंग अनुभाग, स्वच्छता कर्मियों एवं सभी कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास, समर्पण और टीमवर्क की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।उन्होंने विशेष रूप से स्वच्छता कर्मियों एवं संक्रमण नियंत्रण टीमों के अथक योगदान की सराहना की, जिनके चौबीसों घंटे के प्रयासों से अस्पताल में स्वच्छ, सुरक्षित और रोगी-अनुकूल वातावरण सुनिश्चित हो पाता है।

एम्स पटना स्वच्छता, हाइजीन तथा रोगी-केंद्रित देखभाल के मानकों को बनाए रखने और उन्हें और अधिक सुदृढ़ करने के लिए, राष्ट्रीय सार्वजनिक स्वास्थ्य लक्ष्यों एवं भारत सरकार की परिकल्पना के अनुरूप, निरंतर प्रतिबद्ध है। इस राष्ट्रीय उपलब्धि के साथ, एम्स पटना अब बिहार के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों के लिए एक पथ-प्रदर्शक एवं आदर्श संस्थान के रूप में भी उभर रहा है, जो स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा के सर्वोत्तम व्यवहारों को अपनाने के लिये उन्हें प्रेरित करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित