रांची , अप्रैल 04 -- झारखंड के बोकारो में कायस्थ महासम्मेलन एवं कार्यशाला का आयोजन रविवार को किया जायेगा।

लाल बहादुर शास्त्री सेवा समिति के सलाहकार डॉ. प्रणव कुमार बब्बू ने कहा है कि कायस्थों की चेतना, एकता और जागरूकता सबसे ज्यादा जरूरी है। उन्होंने कहा कि कायस्थ ऐसी जाति है जो केवल अपने विकास, उन्नयन और आपसी एकजुटता के साथ-साथ राष्ट्रीय एवं सामाजिक विकास को भी सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।

संवाददाताओं से बातचीत करते हुए डॉ. बब्बू ने आज कहा कि कायस्थ समाज के साथ ही देश के ज्वलंत सामाजिक एवं आर्थिक मुद्दों पर बोकारो के बोकारो क्लब में पांच अप्रैल रविवार को पूर्वाह्न 9 बजे से आयोजित चित्रगुप्त महापरिवार एवं लाल बहादुर शास्त्री सेवा समिति के महासम्मेलन एवं कार्यशाला में गंभीर विचार-विमर्श किया जायेगा।

डॉ. बब्बू ने कहा कि इस महासम्मेलन में मुख्य रूप से वर्तमान दौर के बदलते परिवेश में सामाजिक, पारिवारिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में चुनौतीपूर्ण स्थिति पर गंभीर चर्चा होने के साथ-साथ कायस्थ जाति के सशक्तिकरण पर भी विचार किया जायेगा।

डॉ. बब्बू ने कहा कि विशेष कर आरक्षण और संख्या बल के कारण कायस्थ जाति के युवाओं को सरकारी नौकरियों से वंचित रहना पड़ रहा है और उनके समक्ष बेरोजगारी की गंभीर चुनौती है। ऐसी स्थिति में कायस्थों को आत्मनिर्भरता के विकल्प की तलाश करना बहुत अधिक आवश्यक है।

आज के सम्मेलन में कायस्थ जाति की महिलाओं के सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता, आर्थिक तंगी के कारण कारण युवतियों की वैवाहिक समस्यायें और बदलते हुए सामाजिक-आर्थिक परिवेश के कारण वरिष्ठ नागरिकों के जीवन निर्वाह की समस्या एवं उनके समक्ष उत्पन्न चुनौतियों के साथ-साथ आपसी एकजुटता और राजनीतिक उपेक्षा जैसी अनेक गंभीर समस्याओं पर गहन चिंतन-मनन किया जायेगा। डॉ. बब्बू ने कहा कि आज के सम्मेलन में बेटियों को पढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के संदर्भ में चित्रगुप्त महापरिवार द्वारा आयोजित किये जानेवाले कार्यक्रमों पर विशेष रूप से चर्चा की जायेगी।

आज के महासम्मेलन एवं कार्यशाला में झारखण्ड के सभी 24 जिलों विशेषकर बोकारो, धनबाद, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, चतरा आदि जिले के गणमान्य लोगों के साथ-साथ अन्य अतिथि भी शामिल होंगे। सम्मेलन में प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर के अनेक अतिथियों कायस्थ रत्नों की विशेष उपस्थिति रहेगी।

आज महत्वपूर्ण आयोजन की सफलता के लिये चित्रगुप्त महापरिवार के संरक्षक जयशंकर जयपुरियार, लाल बहादुर शास्त्री सेवा समिति के अध्यक्ष संजय सिन्हा, चित्रगुप्त महापरिवार बोकारो जिला के मुख्य सलाहकार अरुण सिन्हा, आयोजन समिति के अध्यक्ष रमण सिन्हा, संयुक्त महासचिव अनल कुमार, संयोजक कुमोद कुमार सिन्हा, कोषाध्यक्ष ललित वर्मा, जिला महासचिव भैया प्रीतम, कार्यकारी अध्यक्ष रतनलाल, कोषाध्यक्ष संजय सिन्हा, संयुक्त महासचिव अनूप सिन्हा, ललेश सिन्हा, सह कोषाध्यक्ष राज श्रीवास्तव, वरिष्ठ सदस्य अभय प्रताप श्रीवास्तव, सुरेन्द्र सिन्हा आदि की प्रमुख भूमिका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित