चंडीगढ़ , दिसंबर 29 -- पंजाब यूथ कांग्रेस ने सोमवार को राज्य में कानून-व्यवस्था की पूरी तरह विफलता को लेकर पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के खिलाफ पूरे प्रदेश में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) और पुलिस आयुक्तालयों के समक्ष व्यापक विरोध प्रदर्शन किया।

श्री मोहित मोहिंद्रा ने कहा, " आज पंजाब में शासन नहीं, बल्कि लापरवाही चल रही है। गैंगस्टर खुलेआम कानून को चुनौती दे रहे हैं, व्यापारियों को रोज़ाना रंगदारी की धमकियां मिल रही हैं, फायरिंग आम बात हो गयी है और नशा पूरी पीढ़ी को तबाह कर रहा है। आप सरकार ज़मीनी हकीकत से आंखें मूंदकर केवल विज्ञापन और प्रेस कॉन्फ्रेंस में व्यस्त है। "उन्होंने कहा, " जो सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षा नहीं कर सकती, उसे सत्ता में रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। अपराधी इसलिए बेखौफ हैं क्योंकि सरकार कमजोर है और पुलिस तंत्र राजनीतिक दबाव में जकड़ा हुआ है। "मोहित मोहिंद्रा ने चेतावनी दी, "आज का प्रदर्शन सिर्फ शुरुआत है। अगर आप सरकार ने तुरंत ठोस कदम नहीं उठाये, तो यह आंदोलन पूरे पंजाब में जनआंदोलन का रूप लेगा।"पंजाब कांग्रेस प्रभारी डॉ. स्मृति रंजन लेंका ने कहा कि सीमावर्ती राज्य होने के नाते पंजाब में कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा, "कानून-व्यवस्था सरकार की मूल जिम्मेदारी है, और आप सरकार इस जिम्मेदारी में पूरी तरह असफल रही है।"पंजाब यूथ कांग्रेस गैंगस्टरों, रंगदारी और नशा माफिया पर जीरो टॉलरेंस कार्रवाई, विफल अधिकारियों की सार्वजनिक जवाबदेही, पुलिस को राजनीतिक दबाव से मुक्त किया जाये और जनता की सुरक्षा के लिए समयबद्ध कार्य योजना की मांग कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित