कानपुर , मार्च 02 -- उत्तर प्रदेश में कानपुर नगर के गुजैनी क्षेत्र में पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने आज यहां बताया कि गुजैनी निवासी मनोज सिंह उर्फ मालिक सिंह को बीती देर रात एकता पार्क के पास से दबोचा गया। अभियुक्त हाल ही में करीब ढाई वर्ष बाद जेल से छूटा था और क्षेत्र में पुनः आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय हो गया था।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उसके विरुद्ध अब तक कुल 39 अभियोग पंजीकृत हैं, जिनमें से कई मामलों का ट्रायल न्यायालय में लंबित है। हाल के दिनों में वह लोगों को डराने-धमकाने और फिरौती मांगने की घटनाओं में संलिप्त पाया गया था। मैगी पॉइंट पर हुई फायरिंग की घटना में भी उसकी संलिप्तता सामने आई थी, जिसके बाद से वह वांछित चल रहा था।

प्रभारी निरीक्षक गुजैनी एवं उनकी टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई में अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध तमंचा बरामद हुआ है। पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया और न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित