कानपुर , मार्च 22 -- उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत तथा प्रदेश सरकार के "नव निर्माण के नौ वर्ष" पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 23 मार्च यानी सोमवार को कानपुर में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।
सहायक निदेशक (सेवायोजन) कानपुर मंडल उज्ज्वल कुमार सिंह ने बताया कि यह रोजगार मेला प्रातः 10 बजे से महिला महाविद्यालय पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज, किदवई नगर परिसर में आयोजित होगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक महेश त्रिवेदी तथा विशिष्ट अतिथि अपर जिलाधिकारी (नगर) डॉ. राजेश कुमार उपस्थित रहेंगे।
मेले में कानपुर सहित अन्य शहरों की कई प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी, जिनमें ए.एस. वर्ड ग्रुप, ईडीयू वेंटेज प्राइवेट लिमिटेड, श्रीराम फाइनेंस ग्रुप, इंडिपेंडेंट यूथ लॉजिस्टिक्स, स्टार ग्रुप ऑफ मैनपावर सर्विसेज, पुखराज हेल्थ केयर, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, रक्षा सिक्योरिटी सर्विसेज और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया लाइफ इंश्योरेंस आदि शामिल हैं।
इन कंपनियों द्वारा करीब 730 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को 10,000 से 26,000 रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा। भर्ती फील्ड सेल्स एग्जीक्यूटिव, टेलीकॉलर, कस्टमर सर्विस सपोर्ट, रिकूटमेंट ऑफिसर, ट्रेनी अप्रेंटिस हेल्पर, बीमा सखी, लोन एडवाइजर, सेल्स सुपरवाइजर, इंश्योरेंस एडवाइजर, सिक्योरिटी गार्ड सहित विभिन्न पदों पर की जाएगी।
इन पदों के लिए कार्यस्थल कानपुर नगर के अलावा लखनऊ, नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद तथा हिमाचल प्रदेश (सोलन) निर्धारित किए गए हैं। मेले में हाईस्कूल से लेकर परास्नातक, डिप्लोमा एवं आईटीआई उत्तीर्ण तथा सेवायोजन पोर्टल पर पंजीकृत महिला अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकती हैं। इच्छुक अभ्यर्थी रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण कर मेले में उपस्थित होकर साक्षात्कार प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित