कानपुर , मार्च 05 -- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कानपुर में छह मार्च को प्रस्तावित दौरे के मद्देनजर गुरुवार को यहां पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने कार्यक्रम स्थल में सुरक्षा इंतजामो का जायजा लिया। योगी शुक्रवार को यहां पंडित दीनदयाल उपाध्याय सनातन धर्म विद्यालय, नवाबगंज में संघ परिवार के कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) परिसर स्थित हेलीपैड पर उतरेंगे। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी हिस्सा लेंगे जिनका स्वागत भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी जाजमऊ पुल पर करेंगे। इस सिलसिले में पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने आज निरीक्षण के दौरान हेलीपैड परिसर, आगमन व प्रस्थान मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग, ड्यूटी प्वाइंट, सुरक्षा घेरा तथा भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
पुलिस आयुक्त ने कार्यक्रम स्थल पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, एंटी-सैबोटाज चेकिंग, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते की तैनाती सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित