कानपुर , अप्रैल 25 -- उत्तर प्रदेश में कानपुर जिले के कल्याणपुर क्षेत्र में घर में घुसकर बुजुर्ग महिला की हत्या कर आभूषण लूटने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से लूटे गए सोने के आभूषण, सोने का बिस्किट तथा घटना में प्रयुक्त सामान बरामद किया गया है। सफल अनावरण करने वाली टीम को पुलिस उपायुक्त पश्चिम ने 25 हजार रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया है। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि 23 अप्रैल को आवास विकास-1, कल्याणपुर निवासी हरेन्द्र सिंह ने सूचना दी थी कि वह दोपहर में दवा लेने बाहर गए थे। वापस लौटने पर घर का मुख्य द्वार खुला मिला और अंदर उनकी पत्नी निर्मला मृत अवस्था में पाई गईं। घर का सामान भी बिखरा हुआ था। सूचना के आधार पर थाना कल्याणपुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर घटना के अनावरण के लिए छह टीमों का गठन किया गया। "ऑपरेशन त्रिनेत्र" के तहत सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से पुलिस ने आरोपी ईशु शर्मा उर्फ आर्यन (19) निवासी खिरियनपुर, थाना मूसानगर, जिला कानपुर देहात की पहचान की। उसे 25 अप्रैल की सुबह गंगा इन्क्लेव के पीछे केसा मार्ग से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पिछले छह माह से रावतपुर क्षेत्र में किराये पर रह रहा था और पूर्व में मृतका के घर के सामने स्थित पार्क में आता-जाता था। इसी दौरान उसे जानकारी हुई कि घर में केवल एक वृद्ध दम्पति रहते हैं और उनके पास धन-संपत्ति है। उसने पहले घर की रेकी की और यह पता लगाया कि वृद्ध व्यक्ति प्रतिदिन दोपहर में कुछ समय के लिए घर से बाहर जाते हैं। 23 अप्रैल को आरोपी बिना ताले का फायदा उठाकर "ड्रोन गिरने" का बहाना बनाते हुए घर में घुस गया। अवसर पाकर उसने अकेली वृद्ध महिला का गला दबाकर हत्या कर दी और घर से सोने के आभूषण व अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। वारदात के बाद वह चेहरा छिपाकर फरार हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित