कानपुर , मार्च 12 -- उत्तर प्रदेश में कानपुर के किदवई नगर क्षेत्र में पुलिस ने गुरुवार को फर्जी डिग्री बनाने के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने पत्रकारों को बताया कि पुलिस कमिश्नरेट में वांछित एवं वारंटी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत दक्षिण जोन पुलिस और एसआईटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया।

उन्होने बताया कि थाना किदवई नगर में विभिन्न धाराओं में वांछित आरोपी विनीत कुमार (36) , निवासी रामपुर थाना राजपुरा जिला बक्सर (बिहार) को गुरुवार को गौशाला चौराहा के पास से गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले से गिरफ्तार आरोपी शैलेन्द्र कुमार के साथ मिलकर मोनाद यूनिवर्सिटी के नाम पर फर्जी डिग्री तैयार कराने में सहयोग करता था। पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित