कानपुर नगर , मार्च 03 -- उत्तर प्रदेश की कानपुर पुलिस ने नशीली एवं प्रतिबंधित औषधियों के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना हनुमंत विहार क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए कोडीन युक्त प्रतिबंधित सिरप के अवैध व्यापार में संलिप्त एक फर्म मालिक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार थाना हनुमंत विहार में दर्ज मुकदमे में धारा 206/318(4)/336(3)/338/340(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं 8सी/21C/22/26 एनडीपीएस एक्ट से संबंधित प्रकरण में वांछित अभियुक्त विशाल सिंह सिसोदिया ( 23) को आज गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त मेसर्स सिसोदिया मेडिसिन हाउस, अर्रा रोड, अर्रा, थाना हनुमंत विहार का प्रोपराइटर है।
औषधि निरीक्षक, कानपुर नगर द्वारा पांच नवंबर 2025 को दर्ज कराई गई प्राथमिकी के आधार पर जांच में यह तथ्य सामने आया कि अभियुक्त द्वारा अपनी फर्म के माध्यम से कोडीन युक्त प्रतिबंधित औषधि "फैंसीपिक-टी" सिरप का भारी मात्रा में क्रय कर अवैध रूप से विक्रय किया जा रहा था।
विवेचना में प्राप्त अभिलेखों एवं ई-मेल पत्राचार से स्पष्ट हुआ कि अभियुक्त ने विभिन्न तिथियों में बड़ी मात्रा में कोडीन युक्त औषधियों की खरीद की। विशेष रूप से इधिका लाइफसाइंसेज, लखनऊ से 5,250 बोतल "फैंसीपिक-टी" सिरप खरीदा गया, जिसके विक्रय संबंधी कोई वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए। इसके अतिरिक्त अन्य स्रोतों से कुल 10,500 से अधिक बोतलों की खरीद की पुष्टि हुई है।
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान बंद पाया गया तथा बाद में भी अभियुक्त द्वारा क्रय-विक्रय अभिलेख, स्टॉक रजिस्टर एवं बिल-वाउचर प्रस्तुत नहीं किए गए, जिससे स्पष्ट है कि औषधियों का विक्रय नियमों का उल्लंघन करते हुए किया गया।
गिरफ्तारी के समय अभियुक्त के कब्जे से एक लैपटॉप बरामद किया गया, जिसका उपयोग फर्जी बिल तैयार करने एवं अभिलेखों में हेरफेर के लिए किया जाता था। बरामद डिजिटल उपकरण को पुलिस अभिरक्षा में लेकर फोरेंसिक परीक्षण के लिये भेजा जा रहा है, ताकि डिजिटल साक्ष्यों का वैज्ञानिक विश्लेषण किया जा सके।
पुलिस ने बताया कि प्रकरण की विवेचना प्रचलित है तथा अवैध मादक औषधियों के क्रय-विक्रय में संलिप्त अन्य व्यक्तियों, आपूर्तिकर्ताओं एवं संभावित नेटवर्क की भूमिका की गहन जांच की जा रही है। दोष सिद्ध होने पर सभी संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित