कानपुर , मार्च 07 -- उत्तर प्रदेश में कानपुर जिले के चौबेपुर क्षेत्र में पुलिस ने चोरी के गैस सिलेंडर और अवैध शराब के मामले में कार्रवाई करते हुए सात युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर और विभिन्न ब्रांड की शराब बरामद की है।

पुलिस के अनुसार 25 फरवरी को वादी शशिकांत पाण्डेय की तहरीर के आधार पर थाना चौबेपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद दो मार्च को अवधेश कुमार की तहरीर पर एक अन्य मुकदमा पंजीकृत किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305 और 331(4) के तहत कार्रवाई की गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने अभियान चलाकर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान आदित्य उर्फ गोलू, प्रांजल सिंह, आयुष तिवारी, प्रवीण तिवारी, प्रांजल गौतम, आयुष कठेरिया और संतोष कुशवाहा के रूप में हुई है। इनकी उम्र लगभग 19 से 22 वर्ष के बीच बताई गई है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 43 एचपी कंपनी के गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। इसके अलावा देशी और अंग्रेजी शराब की कई पेटियां भी बरामद की गई हैं, जिनमें ग्रैंड मस्ती ब्रांड की देशी शराब, ट्यूबॉर्ग बीयर, माउंटेन ओक और 8 पीएम गोल्ड समेत अन्य ब्रांड शामिल हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित