कानपुर , फरवरी 12 -- उत्तर प्रदेश में कानपुर नगर के कल्याणपुर क्षेत्र में पुलिस ने एटीएम से ठगी करने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एटीएम से चोरी किए गए 1300 रुपये तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पुलिस आयुक्त कानपुर नगर के निर्देश पर पुलिस उपायुक्त पश्चिम, अपर पुलिस उपायुक्त पश्चिम एवं सहायक पुलिस आयुक्त कल्यानपुर के पर्यवेक्षण में थाना कल्यानपुर पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान जितेन्द्र कुमार उर्फ जीतू (25) और बृजेन्द्र कुमार (22), निवासी ग्राम कटेही पोबिज हारा, थाना रुरा, कानपुर देहात के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त मोटरसाइकिल से घूम-घूमकर एटीएम की रेकी करते थे। इसके बाद एटीएम के नकदी निकासी द्वार में प्लेट लगाकर पैसे फंसा देते थे। जब ग्राहक पैसा निकालने का प्रयास कर असफल होकर वहां से चला जाता था, तो अभियुक्त प्लेट हटाकर एटीएम में फंसी नकदी निकाल लेते थे।
दोनों अभियुक्तों को धारा 305(ए) बीएनएस व 317(2) बीएनएस के तहत गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से 1300 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित