कानपुर , फरवरी 05 -- कानपुर के मंधना क्षेत्र में स्थित एक इंजीनियरिंग कालेज के छात्रों को अनुशासनहीनता के आरोप में पीटने वाले तीन प्रोफेसरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस उपायुक्त पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने गुरुवार को बताया कि बुधवार को महाराणा प्रताप इंजीनियरिंग कॉलेज में छात्रों व फैकल्टी के बीच विवाद हुआ, जिसमें कुछ फैकल्टी ने छात्रों से मारपीट की जिसके बाद छात्रों ने प्रदर्शन किया। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित की और पीड़ित छात्रों की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। इस मामले में तीन प्रमुख अभियुक्तों को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

गौरतलब है कि बुधवार सुबह देर से संस्थान पहुंचने पर कुछ छात्रों को मुख्य द्वार बंद मिला जिस पर उन्होने लगातार वाहन का हार्न बजा कर और शोर कर गेट खुलवाने का प्रयास किया। छात्रों का कहना था कि कोहरा के कारण उन्हे कालेज पहुंचने में विलंब हुआ। काफी देर बाद उन्हे प्रवेश दिया गया तो संकाय के बाहर मौजूद फैकल्टी और छात्रों के बीच कहासुनी हो गयी और देखते ही देखते प्रोफेसरों ने छात्रों को डंडे से पीटना शुरु कर दिया।

जानकारी मिलने ही संस्थान में मौजूद छात्र छात्राओं में रोष व्याप्त हो गया और उन्होने हंगामा शुरु कर दिया। आक्रोशित छात्रों ने कक्षाओं में रखे फर्नीचर को नुकसान पहुंचाया। इस बीच सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारी छात्रों को समझाने का प्रयास कर रहे थे कि छात्रों का एक और गुट कॉलेज पहुंच गया और हंगामा बढ़ गया। पुलिस ने मामले को संभालते हुये मारपीट करने के आरोप में प्रो अनिल पाठक,पंकज सिंह और सुभाष मौर्या को हिरासत में ले लिया।

संस्थान के निदेशक डा विवेक सिंह ने बताया कि संस्थान ने प्रो अनिल पाठक,पंकज सिंह और सुभाष मौर्य को निलंबित कर दिया है और मामले की जांच के लिये एक कमेटी का गठन किया गया है। संस्थान को शनिवार तक के लिये बंद कर दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित