कानपुर , फरवरी 18 -- कानपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष मदन सिंह गब्र्याल एवं सचिव अभय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में बुधवार को प्रवर्तन दल (जोन-1बी) द्वारा अवैध निर्माण/विकास कार्यों के विरुद्ध व्यापक ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया। विशेष कार्याधिकारी/उपजिलाधिकारी डा. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई संपन्न हुई।

अधिकृत सूत्रों ने बताया कि प्रवर्तन टीम ने ग्राम प्रतापपुरी हरी (लगभग 9 बीघा), ग्राम भगवानपुरवा (लगभग 8 बीघा) और ग्राम कटरी ख्यौरा (लगभग 4 बीघा), जनपद कानपुर नगर में विकसित की जा रही अवैध/अनाधिकृत प्लाटिंग के विरुद्ध कार्रवाई की। इन स्थलों पर बिना प्राधिकरण से तलपट मानचित्र स्वीकृत कराए एवं आवश्यक अनुज्ञा प्राप्त किए प्लाटिंग विकसित की जा रही थी।

उन्होने बताया कि लगभग 21 बीघा क्षेत्रफल में फैली इन तीन अवैध साइटों पर विकसित इंटरगेट, सड़क, नाला, बाउंड्रीवाल, बिजली के खंभे, पिलर तथा निर्मित/अर्द्धनिर्मित/निर्माणाधीन भवनों को तीन जेसीबी मशीनों के माध्यम से ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान अवर अभियंता हिमांशु बर्नवाल सहित संबंधित कर्मचारी एवं थाना बिठूर का पुलिस बल मौजूद रहा।

इसके अतिरिक्त ग्राम सिंहपुर एवं गंगपुर चकबदा में लगभग 8 बीघा क्षेत्रफल में अवैध निर्माण/प्लाटिंग के विरुद्ध ध्वस्तीकरण आदेश पारित किया जा चुका है और कार्रवाई प्रक्रियाधीन है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि प्राधिकरण क्षेत्र में भूमि क्रय करने से पूर्व कानपुर विकास प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृति की पुष्टि अवश्य कर लें तथा भवन निर्माण से पहले मानचित्र स्वीकृत कराकर ही कार्य प्रारंभ करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की आर्थिक या मानसिक क्षति से बचा जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित