कानपुर , मार्च 11 -- कानपुर के पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल की अध्यक्षता में बुधवार को पुलिस आयुक्त कार्यालय में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और आगामी त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। गोष्ठी में अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था डॉ. विपिन ताडा तथा अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय/अपराध संकल्प शर्मा समेत समस्त पुलिस उपायुक्त, अपर पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त और थाना/शाखा प्रभारी उपस्थित रहे। इस दौरान पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
पुलिस आयुक्त ने रात्रि में सड़कों और वाहनों में खुलेआम शराब पीने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। आबकारी विभाग को लाइसेंसी भांग की दुकानों पर गांजा और चरस जैसे अवैध मादक पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए निगरानी बढ़ाने को कहा गया।
गोष्ठी में खाड़ी युद्ध की संभावित परिस्थितियों के मद्देनजर पेट्रोल और एलपीजी गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी तथा अवैध भंडारण रोकने के लिए सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और अभिसूचना इकाई को सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए। आगामी फायर सीजन को देखते हुए दमकल विभाग को आग से बचाव संबंधी जागरूकता अभियान चलाने, डू और डोंट के पंपलेट वितरित करने तथा आवश्यकतानुसार नगर निगम के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा गया।
इसके अलावा अलविदा की नमाज, ईद, चैत्र रामनवमी, चेटीचंड/झूलेलाल जुलूस और जवारे के जुलूस को ध्यान में रखते हुए सभी थाना प्रभारियों को पीस कमेटी, एस-10 सदस्यों, डीजे संचालकों और धर्मगुरुओं के साथ बैठक कर त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग, एम्बुलेंस सेवा और नगर निगम के साथ समन्वय बनाकर जुलूसों के दौरान सतर्क दृष्टि बनाए रखने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित