कानपुर , मार्च 10 -- उत्तर प्रदेश में कानपुर की जूही थाना पुलिस ने चोरी के मामले में वांछित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग एक लाख रुपये कीमत के हार्डवेयर के सात गत्ते बरामद किए हैं। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जूही थाना पुलिस ने वांछित अभियुक्त रंजीत (27) निवासी कच्ची बस्ती टायरमंडी और धर्मेंद्र गोस्वामी (24) निवासी गोस्वामी नगर को निर्माणाधीन मेट्रो स्टेशन ट्रांसपोर्ट नगर के पास से गिरफ्तार किया।

उन्होंने बताया कि दोनों अभियुक्तों को धारा 303(2) तथा बढ़ोत्तरी धारा 317(2), 317(5) बीएनएस से संबंधित मामले में पकड़ा गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी का माल बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार अभियुक्त रंजीत के खिलाफ थाना जूही में वर्ष 2021 में हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है, जबकि धर्मेंद्र गोस्वामी के खिलाफ भी पूर्व में आपराधिक मामला दर्ज रहा है। गिरफ्तार अभियुक्तों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित