नयी दिल्ली/हैदराबाद , फरवरी 03 -- कांग्रेस सांसद चामाला किरण कुमार रेड्डी ने मंगलवार को तेलंगाना के लोगों से आगामी नगर निकाय चुनावों में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) को वोट न देने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि बीआरएस अनुचित तरीकों से चुनाव जीतने की कोशिश कर रही है।
श्री रेड्डी ने नयी दिल्ली से जारी एक वीडियो बयान में कहा कि नगर निकाय चुनावों के लिए नामांकन प्रक्रिया मंगलवार को समाप्त हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि श्री केसीआर को एसआईटी नोटिस जारी होने के बाद बीआरएस नेताओं ने पूरे राज्य में विरोध प्रदर्शन किए और केटीआर तथा श्री हरीश राव पर कांग्रेस के खिलाफ झूठे आरोप और नफरत फैलाने का आरोप लगाया।
श्री रेड्डी ने कहा कि केटीआर, केसीआर को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करते हुए मनगढ़ंत दावे कर रहे हैं और बीआरएस नेतृत्व तेलंगाना की जनता को गुमराह कर रहा है।
कांग्रेस सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी अपने दम पर इस पद तक पहुंचे हैं, जबकि बीआरएस नेताओं के मामले में ऐसा नहीं है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री के खिलाफ हो रहे हमलों के पीछे ईर्ष्या काम कर रही है। उन्होंने केसीआर पर तेलंगाना आंदोलन से विश्वासघात करने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य बनने के बाद नौकरियों का वादा किया गया था, लेकिन महत्वपूर्ण पद परिवार के सदस्यों को दे दिये गये।
श्री रेड्डी ने कहा कि बीआरएस ने दस वर्षों तक राज्य पर शासन किया, लेकिन पर्याप्त रोजगार उपलब्ध नहीं कराए। उन्होंने कहा कि जनता पार्टी के "बड़े-बड़े दावों" को नहीं भूली है, जिसका प्रमाण हाल के चुनावों में उसका खराब प्रदर्शन है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केंद्रीय बजट में तेलंगाना की अनदेखी की गई और भाजपा सांसद राज्य के हितों के लिए प्रभावी ढंग से आवाज उठाने में विफल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित