जयपुर , अप्रैल 30 -- राजस्थान के चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान पर पलटवार करते हुए गुरुवार को कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं का जो बेड़ा गर्क किया, वह किसी से छिपा नहीं है।
श्री खींवसर ने सोशल मीडिया पर अपने बयान में कहा कि कांग्रेस सरकार के समय कोविडकाल में जमकर लूट मचाई गई। चुनावी वर्ष में बिना पर्याप्त वित्तीय प्रावधान और बिना प्लानिंग के प्रोजेक्ट शुरू किए गए। राजस्थान सरकारी स्वास्थ्य योजना (आरजीएचएस) में नीतिगत खामियां रख अनियमितताओं को बढ़ावा दिया गया। इसी तरह भर्तियों के नाम पर केवल विज्ञापन निकाले, बिना डॉक्टर और बिना नर्सिंग स्टाफ चिकित्सा संस्थान चलते रहे। केंद्र सरकार से स्वीकृत नए मेडिकल कॉलेजों को शुरू करने में उदासीनता दिखाई। यही था कांग्रेस का स्वास्थ्य का भ्रष्ट मॉडल।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित