श्रीगंगानगर , अप्रैल 14 -- राजस्थान में स्थानीय प्रशासन ने श्रीगंगानगर जिले के श्रीकरणपुर से विधायक एवं कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रुपिंदरसिंह रूबी को उनके ही घर में नजर बंद कर दिया।

सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि पदमपुर के नजदीक चक 25 बीबी विधायक रूपेंद्रसिंह रुबी को नजरबंद करने की कार्रवाई कल देर रात को की गई। उनके घर के चारों तरफ भारी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए। आज उनको पूरे दिन घर से बाहर नहीं निकलने दिया गया। विधायक रूपेंद्रसिंह ने अपने घर के अंदर ही कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और संविधान निर्माता डॉ. बीआर अंबेडकर को श्रद्धांजलि दी।

श्रीगंगानगर- पदमपुर मार्ग पर अवैध टोल वसूली के खिलाफ पिछले 42 दिनों से लगातार संघर्ष कर रहे श्रीकरणपुर विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष रूपिंदरसिंह कुन्नर के आवास के बाहर भारी पुलिस बल तैनात है, जिससे विधायक की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है। विधायक ने इस कार्रवाई को खुली तानाशाही करार दिया है और कहा कि सरकार जनता की जायज मांगों को दबाने के लिए दमनकारी रवैया अपना रही है।

उल्लेखनीय है कि श्रीगंगानगर-पदमपुर राजकीय राजमार्ग पर स्थित 18 बीबी टोल प्लाजा पर टोल वसूली को स्थानीय किसान, कांग्रेस कार्यकर्ता और आम नागरिक अवैध बता रहे हैं। उनका आरोप है कि यह टोल प्लाजा नियमों के खिलाफ है और लोगों से जबरन वसूली की जा रही है। इस मुद्दे पर पिछले 42 दिनों से टोल बचाओ संघर्ष समिति के नेतृत्व में ग्रामीण लगातार प्रदर्शन कर रहे थे।

सोमवार को प्रशासन ने जोर जबरदस्ती से चक 18- बीबी टोल नाका पर जाकर टोल वसूली को शुरू करवाया तो विधायक रूपिंदरसिंह कुन्नर अपने समर्थकों के साथ टोल प्लाजा पहुंचे और धरने पर बैठ गए। पुलिसकर्मियों के साथ विधायक और उनके समर्थकों की धक्का-मुक्की हुई। कल देर रात पुलिस ने विधायक सहित कई लोगों को हिरासत में ले लिया, हालांकि कुछ घंटों बाद उन्हें छोड़ दिया गया।

आज सुबह प्रशासन ने उच्च न्यायालय के आदेशों का हवाला देते हुए टोल प्लाजा पर वसूली फिर शुरू करवा दी और वहां भारी पुलिस बल तैनात कर दिया।

उधर श्री कुन्नर ने कहा कि अवैध टोल वसूली बंद कराने की मांग को दबाने के लिए सरकार तानाशाही कर रही है। हम जनता की आवाज उठा रहे हैं, लेकिन प्रशासन हमें चुप कराने की कोशिश कर रहा है। उच्च न्यायालय के आदेश का हवाला देकर आम लोगों की जेब काटी जा रही है। उन्होंने अपने समर्थकों को घर पर ही संबोधित किया और आगामी आंदोलन की रणनीति बनाई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित