नई दिल्ली , जनवरी 29 -- कांग्रेस ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान फॉर्म-7 के कथित दुरुपयोग को लेकर चुनाव आयोग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग रखी है।
कांग्रेस के महासचिव के.सी वेणुगोपाल ने मुख्य चुनाव आयुक्त को गुरुवार को पत्र लिखकर आरोप लगाया कि कई राज्यों में सुनियोजित तरीके से योग्य मतदाताओं के नाम हटाने की कोशिश की जा रही है।
कांग्रेस पार्टी का दावा है कि राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, असम और केरल सहित 12 राज्यों में बड़े पैमाने पर फॉर्म-7 के जरिए आपत्तियां दाखिल की गईं। इन आपत्तियों का निशाना अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अल्पसंख्यक और 60 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिक बनाए गए। पत्र में कहा गया है कि कई फॉर्म पहले से छपे हुए थे और उनमें आपत्ति दर्ज कराने वाले व्यक्ति की पहचान, वैध दस्तावेज और सही विवरण मौजूद नहीं थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित