नयी दिल्ली , फरवरी 24 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव और सांसद अजय माकन की मौजूदगी में कांग्रेस का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मुलाकात कर भारत मंडपम में एआई समिट के दौरान विरोध प्रदर्शन करने वाले युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी और कार्यवाही पर गंभीर चिंता जतायी।

कांग्रेस नेताओं ने उपराज्यपाल को ज्ञापन सौंपते हुए हिरासत में लिये गये युवाओं के खिलाफ कार्रवाई में संयम, समानता और निष्पक्षता बरतने की मांग की। अजय माकन ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष को शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने का अधिकार है और गिरफ्तारियां पूरी तरह असंवैधानिक हैं।

दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ भाजपा असहमति दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि उपराज्यपाल ने मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित