फगवाड़ा , दिसंबर 17 -- पंजाब के फगवाड़ा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को फगवाड़ा-नकोदर रोड पर साहनी जोन-4 ब्लॉक समिति चुनाव की मतगणना में धांधली का आरोप लगाते हुए जोरदार प्रदर्शन किया।

कांग्रेस समर्थकों का दावा है कि मतगणना प्रक्रिया में हेराफेरी करके उनके उम्मीदवार को जानबूझकर हराया गया है। प्रदर्शनकारियों के अनुसार साहनी जोन के नरूर गांव से कांग्रेस प्रत्याशी सुरिंदर कौर ने पहले जीत हासिल कर ली थी, लेकिन बाद में दोबारा मतगणना कराकर परिणाम को बदल दिया गया।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि दोबारा मतगणना के बाद आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार राजिंदर कौर को विजेता घोषित कर दिया गया। उन्होंने यह भी गंभीर आरोप लगाया कि दोबारा गिनती के लिए दिया गया आवेदन आम आदमी पार्टी के नेताओं द्वारा राजिंदर कौर के फर्जी हस्ताक्षरों का उपयोग करके तैयार किया गया था, जो पूरी तरह अनुचित और अलोकतांत्रिक है। इस प्रक्रिया के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नकोदर रोड पर धरना दिया और लगभग 15 मिनट तक सड़क जाम रखी जिससे यातायात प्रभावित हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित