नयी दिल्ली , दिसंबर 15 -- कांग्रेस ने आरोप लगाया है है कि मध्य प्रदेश में आदिवासियों की ज़मीन अडानी समूह को बेच दी गयी है और केन्द्र सरकार अडानी के साथ मिलकर आदिवासियों को उनके ही घरों से बेघर कर रही हैं।
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोमवार को कांग्रेस मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि केन्द्र सरकार ने मध्य प्रदेश के सिंगरोली में आदिवासियों की जमीन अडानी समूह को देकर आदिवासियों का सिर झुका दिया गया है। श्री पटवारी ने कहा कि सरकार अडानी के साथ मिलकर आदिवासियों को उनके ही घरों से बेघर कर रही हैं।
श्री पटवारी ने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब आए थे, तो उन्होंने वादा किया था "देश नहीं बिकने दूँगा, देश नहीं झुकने दूँगा" ,लेकिन आज पूरे मध्य प्रदेश में आदिवासियों की ज़मीन अडानी को बेच दी गई है।
मध्य प्रदेश नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि केंद्र सरकार ने अडानी को कोल ब्लॉक प्रोजेक्ट के लिए 2,672 हेक्टेयर जमीन दे दी, जिसके लिए करीब छह लाख पेड़ काटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा अडानी की यह परियोजना एक संस्थागत धोखा है। इसमें संवैधानिक रूप से कागजी कार्रवाई तो कर दी गई, लेकिन लोगों को उनके अधिकार नहीं मिले। इसमें खदान भी अडानी की, संचालन भी अडानी का और कोयले का उत्पादन भी अडानी का ही है।
उन्होंने कहा कि इसकी सच्चाई ये है कि सरकार ने 204 करोड़ रुपए में अडानी को पूरा जंगल दे दिया, यानी सरकार ने 11 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का कोयला अडानी समूह को 204 करोड़ रुपए में दे दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित