जयपुर , दिसम्बर 17 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में कांग्रेस ने केन्द्र सरकार के संवैधानिक संस्थाओं का दुरूपयोग कर विपक्ष के नेताओं को परेशान करने का आरोप लगाते हुए इस मुद्दे पर बुधवार को यहां प्रदर्शन किया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यहां प्रदेश भाजपा मुख्यालय का घेराव करने के लिए पैदल मार्च निकाल कर विरोध-प्रदर्शन किया और गिरफ्तारियां दी।

इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते श्री डोटासरा ने आरोप लगाते हुए कहा कि जबसे केन्द्र में मोदी सरकार बनी है संवैधानिक संस्थाओं को दुरुपयोग विपक्ष के नेताओं की आवाज दबाने के लिये किया जा रहा है जो कि लोकतांत्रिक मूल्यों के विरूद्ध है। मोदी सरकार के ईशारे पर भाजपा नेता सुब्रह्मणयम स्वामी की तथ्यहीन शिकायत पर ईडी ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं सोनिया गॉंधी एवं राहुल गॉंधी के विरूद्ध कार्यवाही करते हुये उन्हें पूछताछ के नाम पर लम्बे समय तक बेवजह परेशान किया और इस प्रकरण को लेकर झूठे तथ्यों के आधार पर भाजपा नेताओं ने कांग्रेस एवं कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर झूठे आरोप लगाकर अपनी राजनीति की।प्रदर्शन में श्री डोटासारा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित कांग्रेस विधायक, विधायक प्रत्याशी, जिलाध्यक्ष, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं बड़ी संख्या कार्यकर्ता शामिल हुए।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं मीडिया चेयरपर्सन स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि इसी तरह राजस्थान के सभी जिला मुख्यालयों पर जिला कांग्रेस कमेटियों न केन्द्र सरकार के विरूद्ध प्रदर्शन कर अपना विरोध जताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित