, Dec. 16 -- देहरादून, 16 दिसंबर(यूनीवार्ता) उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी व भारतीय युवा कांग्रेस ने मंगलवार को देहरादून स्थित पार्टी मुख्यालय में भाजपा सरकार और पतंजलि समूह को लेकर संयुक्त प्रेस कॉन्फ़्रेंस आयोजित की।

पार्टी प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल व युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानू चिब ने कहा कि भाजपा सरकार और पतंजलि समूह के बीच बढ़ते गठजोड़ के कारण राज्य के संसाधनों की खुली लूट की जा रही है,और उत्तराखंड की जनता के स्वास्थ्य के साथ भी खिलवाड़ किया जा रहा है।

चिब ने बताया कि भाजपा सरकार ने भूमि आवंटन, पर्यटन परियोजनाओं और खाद्य सुरक्षा क़ानूनों के कमजोर प्रवर्तन के ज़रिये पतंजलि समूह को लगातार संरक्षण दिया है।

उन्होंने कहा कि घटिया घी के मामले से लेकर जॉर्ज एवरेस्ट एस्टेट जैसे विवादास्पद सौदों तक, सरकार की भूमिका एक निष्पक्ष नियामक की नहीं बल्कि राज्य प्रायोजित लूट को बढ़ावा देने वाली रही है, जिसमें मुनाफ़ा चुनिंदा कॉरपोरेट के पास जा रहा है और जोखिम आम जनता पर थोप दिया जाता है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पतंजलि काउ घी के आधिकारिक लैब परीक्षणों में फेल होने के बावजूद सरकार की चुप्पी पर कड़े सवाल उठाए। उन्होंने जॉर्ज एवरेस्ट पर्यटन परियोजना सहित सभी संदिग्ध सौदों की पारदर्शी जाँच, क़ानून का सख़्त पालन और राज्य की अमूल्य संपत्तियों की रक्षा की माँग की।

गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस न तो आयुर्वेद के ख़िलाफ़ है,और न तो भारतीय उद्यमिता के खिलाफ है,पार्टी उस पक्षपात और क्रोनी कैपिटलिज़्म के ख़िलाफ़ है जिसमें उत्तराखंड की धरोहरों को कुछ पसंदीदा कॉरपोरेट घरानों को सौंप दी जाती है।

कांग्रेस ने पूरे राज्य में इस मुद्दे को जनता के बीच ले जाए जाने का फैसला लिया है, कांग्रेस पार्टी ने कहा कि जॉर्ज एवरेस्ट एस्टेट मामले पर भाजपा सरकार से जवाबदेही तय करायी जाएगी, कि आचार्य बालकृष्ण से सम्बद्ध कंपनी को कैसे 142 एकड़ की भूमि 15 साल के लिए कौड़ियों के भाव लीज पर दे दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित