अम्बिकापुर , अप्रैल 26 -- छत्तीसगढ़ के अम्बिकापुर शहर के डॉ. राजेंद्र प्रसाद वार्ड और कबीर वार्ड में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों की खराब स्थिति के विरोध में आज अनोखा प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने जर्जर सड़कों की ''वर्षगांठ'' मनाते हुए केक काटकर अपना प्रतिरोध दर्ज कराया।
इस दौरान बड़ी संख्या में महिला पार्षदों के विरोध में कांग्रेस की वार्ड और बूथ स्तर की कार्यकर्ताएं मौजूद रहीं। प्रदर्शन के दौरान गड्ढों से भरे मार्गों पर चल रहे राहगीरों को केक, चॉकलेट वितरित किए गए और पानी पिलाया गया।
कांग्रेस के मंडल अध्यक्ष गुरुप्रीत सिद्धू ने आरोप लगाया कि संबंधित जनप्रतिनिधि वार्डवासियों की समस्याओं की अनदेखी कर रहे हैं और केवल अपनी सुविधाओं पर ध्यान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक पार्षद के निवास को जोड़ने वाले मार्ग का पहले सीसी रोड निर्माण किया गया और बाद में डामरीकरण भी किया गया, जबकि आम जनता के उपयोग वाले मार्गों की स्थिति अत्यंत खराब बनी हुई है।
वार्डवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि बरसात से पूर्व सड़कों का निर्माण नहीं कराया गया, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित