अंबिकापुर , जनवरी 30 -- छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में किसानों की धान खरीद से जुड़ी समस्याओं को लेकर लखनपुर ब्लॉक (सरगुजा) कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग 43 को जाम करके सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया।

कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर राजमार्ग का यातायात अवरुद्ध कर दिया। गुरुवार को दिल्ली में हुई बैठक में यह तय किया गया है कि राज्य सरकार की तमाम खामियों के बारे में कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक मुखर रहेगी।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की बैठक में छत्तीसगढ़ से मिली रिपोर्ट्स की समीक्षा की गई है। खनन के कथित बैक डोर एंट्री पर एआईसीसी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज से एक रिपोर्ट तलब की है। कल की बैठक के बारे में पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने बताया कि इस सरकार के कामकाज से राज्य का हर वर्ग परेशान है।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि राज्य सरकार अपने वादे के अनुसार प्रत्येक पंजीकृत किसान का धान समर्थन मूल्य पर खरीदने में विफल रही है। उन्होंने मांग की है कि धान खरीद की अंतिम तिथि 31 जनवरी से बढ़ाकर 15 फरवरी तक की जाए। कार्यकर्ताओं का कहना है कि खरीदी के लिए पर्याप्त समय न मिलने के कारण किसान अपनी मेहनत से उपजाए गए धान को औने-पौने दामों पर बेचने को मजबूर हो रहे हैं।

पूर्व उप मुख्यमंत्री ने बताया - राज्य का ऐसा एक भी मुद्दा नहीं है जिस पर कांग्रेस की ओर से बतौर विपक्ष राज्य सरकार को कठघरे में खड़े ना किया गया हो। सरकार हमारी भी रही है, हमने किसानों का एक - एक दाना धन्यवाद खरीदा था। भले ही हमने प्रति क्विंटल प्रति एकड़ 20 क्विंटल खरीदा था लेकिन खरीदने से पहले किसानों को इस सरकार की तरह परेशान नहीं किया था। छत्तीसगढ़ सरकार ने पंजीयन, रकबा सरेंडर और विभिन्न तरीकों की जांच से परेशान किया हुआ है।

कांग्रेसी नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने इस मामले में सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो उनका आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है। उनकी मुख्य मांग है कि पंजीकृत किसानों का पूरा धान समर्थन मूल्य पर खरीदा जाए और खरीद प्रक्रिया के लिए समय सीमा बढ़ाई जाए।

इस प्रदर्शन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा यातायात जाम लग गया, जिससे यात्रियों को काफी असुविधा हुई। पुलिस बल मौके पर तैनात रहा और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत का प्रयास किया और मामले का समाधान निकालने का आश्वासन दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित