नयी दिल्ली , फरवरी 03 -- कांग्रेस ने मंगलवार को असम प्रदेश चुनाव समिति का गठन किया और श्री गौरव गोगोई को इसका अध्यक्ष नियुक्त किया है।
कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने आज यहां बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने असम प्रदेश चुनाव समिति के गठनो मंजूरी दे दी है।
उन्होंने बताया कि सांसद एवं असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई को इस चुनाव समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। समिति में वरिष्ठ नेता देबब्रत सैकिया, रकिबुल हुसैन, प्रद्युत बोरदोलोई, भूपेन कुमार बोरा, रिपुन बोरा, पाबन सिंह घटोवर, वाजिद अली चौधरी, रोसिलिना तिर्की, जाकिर हुसैन सिकदर, प्रदीप सरकार, अरुण दत्ता मजूमदार, प्रणति फूकन, रानी नराह, अब्दुल खालिक, दुर्गा भुमिज, अजीत सिंह, नंदिता दास, सिबामोनी बोरा, प्रद्युत भुइयां, ए.के. राशिद आलम और जादव स्वर्गियारी सहित कुल 35 सदस्य शामिल किए गए हैं।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश चुनाव समिति के गठन को आगामी चुनावों की रणनीति, उम्मीदवार चयन और संगठनात्मक समन्वय की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि यह समिति असम में पार्टी को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर प्रभावी चुनावी तैयारी सुनिश्चित करने में निर्णायक भूमिका निभाएगी। असम में जल्द ही भारत जोड़ों यात्रा के तर्ज़ पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी यात्रा करेंगे जिसमें पार्टी के कई वरिष्ठ नेता समय समय पर यात्रा में शामिल होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित