अलवर , दिसम्बर 27 -- राजस्थान में अलवर में कांग्रेस सहित पर्यावरण प्रेमी संगठनों द्वारा शनिवार को अरावली बचाओ मार्च निकाला गया।

यह मार्च कटी घाटी स्थित नगर वन से शुरू हुआ और मिनी सचिवालय पहुंचा। मिनी सचिवालय पर पुलिस द्वारा अवराेधक लगाये गये थे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा अवरोधकों पर चढ़कर अंदर घुसने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस ने उनके प्रयास को विफल कर दिया।

यह मार्च अपराह्न करीब चार बजे शुरू हुआ। इसमें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, विधानसभा में विपक्ष के नेता टीकाराम जूली, पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पुत्र वैभव गहलोत, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष प्रकाश गंगावत, पूर्व मंत्री शकुंतला रावत, विधायक मांगीलाल मीणा पूर्व विधायक बलजीत यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष योगेश मिश्रा ,कांग्रेस के नेता रिपु दमन गुप्ता, श्वेता सैनी सहित सेंकड़ों कांग्रेस के पदाधिकारी मौजूद थे।

रैली में 'अरावली बचाओ' के नारे लगाते हुए कार्यकर्ता अपने हाथों में झंडे, तख्तियां लेकर चल रहे थे और अरावली बचाओ गीतों की धुन पर कार्यकर्ता नाचते चल रहे थे । मिनी सचिवालय पर भारी पुलिस बल तैनात था। रैली के आगे भी पुलिस अधिकारी और पुलिस कर्मचारी आगे आगे चल रहे थे।

रैली मिनी सचिवालय पहुंची जहां जिला प्रशासन के अधिकारी एडीएम मुकेश कायथवाल को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया गया।ज्ञापन में उच्चतम न्यायालय द्वारा दिये गये निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित