रायपुर , जनवरी 15 -- छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने गुरुवार को नवा रायपुर, अटल नगर स्थित शासकीय कार्यालय में कहा कि कांग्रेस धान खरीदी को लेकर लगातार भ्रम फैलाने का काम कर रही है। जबकि सच्चाई यह है कि राज्य सरकार किसानों से नियमित रूप से धान की खरीदी कर रही है।

श्री साव ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए आज यहां शासकीय कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए यह बात कही। उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्पष्ट कर दिया है कि सभी पात्र किसानों से पात्रता अनुसार एक-एक दाना धान खरीदा जाएगा। किसानों को किसी भी प्रकार के संशय में पड़ने की आवश्यकता नहीं है। यह किसान हितैषी सरकार है, जबकि कांग्रेस सरकार ने किसानों को ठगने और धोखा देने का काम किया है।

श्री साव ने कहा कि साय सरकार में अब बस्तर बदल रहा है। बस्तर ओलंपिक में रिकॉर्ड संख्या में युवाओं ने पंजीयन कराया। कई गांवों और बूथों में पहली बार मतदान हुआ तथा अनेक गांवों में पहली बार राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। पहले सुदूर इलाकों में सड़क निर्माण सुरक्षा बलों के बिना संभव नहीं था लेकिन अब नक्सलवाद के कमजोर होने से लोक निर्माण विभाग और पंचायत विभाग बिना सुरक्षा बल के भी सड़क निर्माण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बस्तर में सड़कों का व्यापक नेटवर्क तैयार होगा। सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि विकास का मार्ग है। सड़क बनने से बिजली, पानी, स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य मूलभूत सुविधाएं आम लोगों तक पहुंचेंगी। बस्तर में तेज गति से विकास एक शुभ संकेत है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अधिकांश सड़कों की मरम्मत का कार्य पूरा हो चुका है। कांग्रेस धरातल पर जाकर देखे, केवल बयानबाजी करने से कुछ नहीं होगा। पहले सड़क मरम्मत का काम जून तक चलता था लेकिन अब दिसंबर-जनवरी तक ही अधिकांश कार्य पूरे कर लिए गए हैं। साय सरकार में सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों को पर्याप्त स्वीकृति दी गई है और हर जिले में विकास कार्य दिखाई दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में सरकार विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। राजधानी, न्यायधानी, बस्तर और अन्य क्षेत्रों के संतुलित विकास के लिए मुख्यमंत्री लगातार योजनाओं की समीक्षा कर रहे हैं। यह एक संवेदनशील सरकार है, जो तेज गति से विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित