रांची , दिसंबर 28 -- भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 140 वें स्थापना दिवस पर झारखंड के हर पंचायत में कांग्रेस का झंडा फहराया गया।
इस पूर्व तय कार्यक्रम के अनुसार पार्टी ने सभी पंचायतों में झंडोत्तोलन का कार्यक्रम रखा था। इस कार्यक्रम में कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता ही नहीं ग्रामीणों की भी बड़ी भागीदारी रही। राज्य की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने मांडर प्रखंड के सरवा पंचायत, चान्हो प्रखंड के बेयासी पंचायत, बेड़ो प्रखंड के मुरतो पंचायत और इटकी के कुल्ली पंचायत में झंडोत्तोलन किया।
इस मौके पर सुश्री तिर्की ने कहा कि कांग्रेस देश की आत्मा है और विचारधारा बन कर लोगों की रगों बहती है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी में कांग्रेस के संघर्ष, त्याग और बलिदान को आज याद करने और युवा पीढ़ी को इससे वाकिफ कराना जरूरी है। मंत्री ने कहा कि जब देश को आजादी मिली, तब यहां सुई तक का निर्माण नहीं होता था। लेकिन आज हवाई जहाज तक बनाया जा रहा है। स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, आईआईटी, आईआईएम, इसरो तक की उपलब्धि का श्रेय कांग्रेस को जाता है।
सुश्री तिर्की ने कहा कि वर्तमान में केंद्र में बैठी बीजेपी सरकार के पास खुद के द्वारा किए गए काम को बताने के लिए कुछ भी नहीं है। यही वजह है कि वो कांग्रेस के कार्य को मिटाने और नाम बदलने की राजनीति में दिन रात जुटी है। इंदिरा आवास का नाम पीएम आवास से लेकर मनरेगा योजना से महात्मा गांधी जी का नाम हटाना सबसे बड़ा प्रमाण है। जी राम जी योजना से अब गांव के लोगों को मनरेगा के तहत एक से अधिक योजना नहीं मिल सकेगी। पहले 100 दिन तक के काम की गारंटी थी। ये सीधे तौर पर ग्रामीण अर्थ व्यवस्था को कमजोर करने वाला निर्णय है ।
सुश्री तिर्की ने कहा कि झारखंड में जो 25 साल में नहीं हुआ, वो गठबंधन की सरकार ने पेसा नियमावली को लागू कर किया है। ग्रामीण स्वशासन का अधिकार पंचायत स्तर पर विकास को नई गति देने का काम करेगा। इस कानून से अपनी जमीन, अपना जंगल, राज्य के खनिज को संरक्षित किया जा सकता है।
कांग्रेस जहां समाज के अंतिम व्यक्ति के विकास की सोच रखती है, वहीं बीजेपी का लक्ष्य देश के दो पूंजीपति अडानी और अंबानी का विकास करना है। बीजेपी देश को दीमक की तरह खोखला करने में लगी है जबकि कांग्रेस देश के निर्माण और विकास की सोच के साथ आगे बढ़ रही है।
कांग्रेस का उद्देश्य गांव - किसान - नौजवान - महिला सभी के जीवन में बदलाव लाना और उनका विकास करना है। कांग्रेस स्थापना दिवस कार्यक्रम में मांडर प्रखंड अध्यक्ष मंगा उरांव, चान्हो प्रखंड अध्यक्ष इस्तियाक, बेड़ो प्रखंड अध्यक्ष करमा उरांव, इटकी प्रखंड अध्यक्ष रमेश महली, उप प्रमुख मुद्दसिर हक, जिला परिषद सदस्य बेरोनिका उरांव, इम्तियाज, मनकू कुजूर, जगदीश गोप, अब्दुल्ला, जावेद , यास्मीन, संतोष उरांव, शिव उरांव, सरिता, तबारक, बलदेव, रशीद , अमित खलखो, अजीत सिंह , परवेज आलम , अजीत उरांव , अनिल कुजूर , कविता सहित अन्य मुख्य रूप से मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित