बुलंदशहर , मार्च 27 -- उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर जिले के पहासू क्षेत्र में एक कांग्रेस कार्यकर्ता के समर्थन में दिए गए धरने को लेकर पुलिस द्वारा कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान सहित 11 कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने से राजनीतिक माहौल गरमा गया है। इस कार्रवाई के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश है और पुलिस तथा कांग्रेसियों के बीच टकराव की आशंका जताई जा रही है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि घटना 23 मार्च की शाम करीब सात बजे की है, जब पहासू नगर में कांग्रेस कार्यकर्ता शाहिद अल्वी की गन्ना लदे ट्रक चालक से तेज गति को लेकर कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को जाने दिया और कार्यकर्ता के साथ कथित मारपीट करते हुए उसे हिरासत में लेकर लॉकअप में बंद कर दिया। बताया गया है कि घटना की जानकारी मिलने पर उसी रात करीब 11 बजे कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंचे और विरोध में धरना शुरू कर दिया। बाद में पुलिस द्वारा कथित रूप से माफी मांगने के बाद संबंधित कार्यकर्ता को रिहा कर दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित