भीलवाड़ा , जनवरी 23 -- राजस्थान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा है कि जिस कांग्रेस ने दशकों तक देश की संपत्तियों और योजनाओं को केवल एक परिवार की जागीर समझा, अब उसे विकसित भारत और जी राम जी के नाम से परेशानी हो रही है।

श्री बगड़ी ने शुक्रवार को भाजपा जिला कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि जी राम जी विधेयक राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की सोच के अनुरूप है और देश के गरीब कल्याण के संकल्प को सिद्ध करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के सोच के अनुरूप ग्रामीण विकास का नया ढांचा खड़ा करने की दिशा में एक अहम कदम है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने मनरेगा को भ्रष्टाचारियों का एटीएम बना दिया था, जबकि मोदी सरकार ने पिछले 11 वर्षों में इसे मजदूरों की तिजोरी बनाया है। अब जी राम जी विधेयक उस पर डिजिटल ताला है, जिसे कोई चोर नहीं खोल सकता। कांग्रेस कितनी भी साजिशें रच ले, देश 2047 तक विकसित भारत बनकर रहेगा।

श्री बगड़ी ने कांग्रेस की परिवार भक्ति और महापुरुषों की उपेक्षा का भी मुद्दा उठाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकारों ने देश के करीब 600 संस्थानों, पुरस्कारों और योजनाओं के नाम नेहरू-गांधी परिवार के नाम पर रखे, जबकि सरदार वल्लभभाई पटेल, बाबा साहेब डॉ भीमराव आंबेडकर और नेताजी सुभाष चंद्र बोस जैसे महापुरुषों की उपेक्षा की गयी।

उन्होंने कहा कि इसके विपरीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजभवन को लोकभवन, राजपथ को कर्तव्य पथ, रेड क्रॉस रोड को लोक कल्याण मार्ग और प्रधानमंत्री कार्यालय को सेवा तीर्थ बनाकर व्यक्ति पूजा की बजाय सेवा की राजनीति को स्थापित किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित